-तय शादी से पहले प्रेमिका को लेकर फरार हुआ युवक, निजी होटल से प्रेमी युगल बरामद
मुजफ्फरपुर। अपनी शादी की तारीख नजदीक आते ही एक युवक अपनी ही गांव की प्रेमिका को लेकर घर से फरार हो गया। पांच साल से चल रहे प्रेम प्रसंग के बाद दोनों ने पहले मंदिर और फिर आर्य समाज में शादी करने का दावा किया। इधर, युवती के परिजनों की शिकायत पर तलाश में जुटी मुसहरी थाना पुलिस ने शहर के एक निजी होटल में छापेमारी कर दोनों को सकुशल बरामद कर लिया। मामले को लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर जारी है।
जानकारी के अनुसार, युवक की उम्र 25 वर्ष और युवती की उम्र 23 वर्ष बताई जा रही है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और पढ़ाई के दौरान करीब पांच वर्ष पहले उनके बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ था। युवक ने पुलिस को बताया कि 23 फरवरी 2024 को दोनों ने एक मंदिर में गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी। इसके बाद दोनों गांव में ही रह रहे थे।
इसी बीच युवक के परिजनों ने उसकी शादी 30 नवंबर को किसी दूसरी युवती से तय कर दी। शादी की तारीख नजदीक आते देख प्रेमी युगल ने साथ रहने का फैसला किया और तीन नवंबर को घर से निकल गए। इसके बाद दोनों ने 12 नवंबर को आर्य समाज मंदिर में विवाह करने का दावा किया और मुजफ्फरपुर शहर के एक निजी होटल में ठहर गए।

उधर, युवती के घर से गायब होने के बाद परिजनों ने मुसहरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें युवक पर बहला-फुसलाकर युवती को भगाने का आरोप लगाया गया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर शहर के निजी होटल में छापेमारी कर दोनों को बरामद कर लिया गया।
प्रभारी थानाध्यक्ष कन्हैया लाल पंडित ने बताया कि युवक और युवती दोनों बालिग हैं। दोनों अपनी मर्जी से घर से निकले थे। फिलहाल दोनों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर बयान दर्ज करने सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। युवती के बयान और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












