-मोतीझील में फिर आएगा साफ पानी, कागजी प्रक्रिया शुरू : डॉ. लाल बाबू प्रसाद
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
मोतीझील में साफ पानी पहुंचाने को लेकर कागजी प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले मोतीझील में नहर के माध्यम से साफ पानी आता था, लेकिन अतिक्रमण, नहरों की सफाई नहीं होने और नहरों में रिसाव के कारण अब पानी नहीं आ पाता है।
इस समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, उपमहापौर डॉ. लाल बाबू प्रसाद और नगर आयुक्त आशीष कुमार ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर समस्याओं को देखा था।
इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर तिरहुत नहर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता विकास कुमार के कार्यालय में सभी संबंधित अधिकारियों के साथ उपमहापौर डॉ. लाल बाबू प्रसाद की बैठक हुई।

बैठक में चैलाहां उप वितरणी की 9.95 किलोमीटर लंबी नहर की साफ-सफाई, कटाव और रिसाव को अविलंब ठीक करने की कागजी कार्रवाई शुरू की गई। जल्द ही टेंडर की कार्रवाई पूरी की जाएगी।
वहीं दूसरा क्षेत्र रतनपुर उप वितरणी है। इसके काम के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा जा रहा है, ताकि शीघ्र काम शुरू हो सके।
उपमहापौर डॉ. लाल बाबू प्रसाद ने शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव को बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जल्द ही मोतीझील में स्वच्छ पानी आ जाएगा।











