Advertisement

तीन जिलों की 120 महिलाएं बनेंगी कृषि उद्यमी, खबड़ा में 21 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शुरू

-तीन जिलों की 120 महिलाएं बनेंगी कृषि उद्यमी, खबड़ा में 21 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शुरू

मुजफ्फरपुर। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जीविका ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत मुजफ्फरपुर, दरभंगा और बेतिया जिले की चयनित 120 महिलाओं को कृषि उद्यमी बनाने के लिए 21 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शुक्रवार को मुजफ्फरपुर के खबड़ा स्थित कुमार फैसिलिटेशन सेंटर में जीविका और सिजेंटा के संयुक्त तत्वावधान में प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जिला परियोजना प्रबंधक अनीशा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को उन्नत बीज, जैविक खेती, आधुनिक कृषि तकनीक, फसल प्रबंधन, विपणन और कृषि व्यवसाय से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को खेती-किसानी का प्रशिक्षण देकर गांव में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।


इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक अनीशा ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जीविका की ओर से लगातार विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कृषि उद्यमी बनाना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। महिलाओं को खेती की आधुनिक तकनीकों और व्यवसाय की बारीकियों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सकता है। आज कई सफल कृषि उद्यमी करोड़ों रुपये का कारोबार कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और वे कृषि क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकेंगी।
कार्यक्रम में संयोजक सह कृषि प्रबंधक कुणाल किशोर, सिजेंटा के प्रबंधक, आजीविका विशेषज्ञ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।