Advertisement

चलती स्कूटी बनी आग का गोला, युवक ने कूदकर बचाई जान

-चलती स्कूटी बनी आग का गोला, युवक ने कूदकर बचाई जान

-भगवानपुर ओवरब्रिज पर मची अफरा-तफरी
-शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका -दमकल की टीम ने पाया काबू
-दोनों ओर लगा वाहनों का लंबा जाम

मुजफ्फरपुर। सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर ओवरब्रिज पर शुक्रवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते स्कूटी आग की लपटों से घिर गई और बीच सड़क पर धू-धू कर जलने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्कूटी सवार युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। इससे उसकी जान बच गई। हालांकि, आग में स्कूटी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार की सुबह युवक स्कूटी से भगवानपुर ओवरब्रिज से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक स्कूटी के इंजन वाले हिस्से से धुआं निकलने लगा। युवक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही स्कूटी में आग की लपटें उठने लगीं। खतरे को भांपते हुए युवक ने तत्काल स्कूटी से छलांग लगा दी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।


बीच सड़क पर स्कूटी में आग लगने के बाद राहगीरों की भीड़ जुट गई। घटना के कारण ओवरब्रिज के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर दोनों तरफ से वाहनों का परिचालन रोक दिया।
पुलिस की सूचना पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जली हुई स्कूटी को सड़क से हटाया गया। तब जाकर भगवानपुर ओवरब्रिज पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
इस घटना में राहत की बात यह रही कि स्कूटी सवार युवक सुरक्षित बच गया। हालांकि, उसकी स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से कुछ देर तक ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।