-शराब के साथ कोलकाता की दो महिला एंकर गिरफ्तार; शादी समारोहों में करने आई थीं एंकरिंग
-माड़ीपुर के निजी होटल में हुई कार्रवाई, वोदका और प्रीमियम ब्रांड की विदेशी शराब बरामद -शराब सप्लाई करने वाले नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
मुजफ्फरपुर। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब के इस्तेमाल और तस्करी का मामला लगातार सामने आ रहा है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर जिले के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर स्थित एक निजी होटल में पुलिस ने छापेमारी कर शराब के साथ कोलकाता की दो महिला एंकरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कमरे से वोदका और प्रीमियम ब्रांड की विदेशी शराब बरामद की है।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित राजेंद्र प्रसाद कॉलोनी निवासी मधुमिता मुखर्जी और पूर्वी मेदिनीपुर जिले के हल्दिया के दुर्गा चक निवासी पिंकी सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाएं पेशे से इवेंट एंकर हैं और शहर में आयोजित विभिन्न शादी समारोहों में एंकरिंग करने के लिए मुजफ्फरपुर आई थीं। इसी दौरान दोनों माड़ीपुर स्थित एक निजी होटल में ठहरी हुई थीं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात शादी समारोह में एंकरिंग का काम पूरा करने के बाद दोनों होटल लौटी थीं। इसी दौरान होटल के कमरे में शराब होने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस की टीम ने होटल में छापेमारी की। तलाशी के दौरान कमरे से वोदका और प्रीमियम ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त करते हुए दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि प्रतिबंधित शराब दोनों महिलाएं अपने साथ पश्चिम बंगाल से लेकर आई थीं या मुजफ्फरपुर में किसी स्थानीय शराब कारोबारी ने उन्हें इसकी आपूर्ति की थी। शराब की आपूर्ति करने वाले लोगों और संभावित नेटवर्क का पता लगाने के लिए भी पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल दोनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।











