-शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में 98 बंदियों ने रखा छठ व्रत
-उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ महापर्व
-एक मुस्लिम महिला और एक सिख पुरुष बंदी भी छठव्रतियों में शामिल, जेल परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया
मुजफ्फरपुर। लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा, मुजफ्फरपुर में भी श्रद्धा एवं भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन हुआ। इस वर्ष जेल में कुल 98 महिला एवं पुरुष सजावार और विचाराधीन बंदियों ने छठ व्रत रखा। इनमें 51 महिलाएं और 47 पुरुष शामिल थे। खास बात यह रही कि छठव्रतियों में एक मुस्लिम महिला और एक सिख पुरुष बंदी भी शामिल थे, जो धार्मिक सद्भाव और आपसी आस्था की मिसाल पेश कर रहे थे।
सरकार के आदेश के आलोक में जिला प्रशासन की ओर से इस वर्ष जेल परिसर में छठ पूजा के लिए बेहतर, भव्य और आकर्षक व्यवस्था की गई थी। छठव्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कारा प्रशासन ने पर्व से जुड़ी सभी आवश्यक सामग्रियों का इंतजाम किया था। महिला व्रतियों के लिए साड़ी, लहठी और चूड़ी, जबकि पुरुष व्रतियों के लिए धोती, गंजी और गमछा उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा डाला, सूप, पकवान, फल, मिठाई सहित पूजा की अन्य सामग्रियों की भी व्यवस्था की गई थी।

छठ घाट परिसर की साफ-सफाई और रंग-रोगन के बाद केले के पेड़, बैलून, रंगीन रोशनी, झालर और फूल-मालाओं से आकर्षक सजावट की गई थी। पर्व के पारंपरिक माहौल को जीवंत बनाने के लिए जेल रेडियो के माध्यम से महान लोक गायिका स्वर्गीय शारदा सिन्हा के छठ गीतों का प्रसारण किया जा रहा था।
वहीं, सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से जिला प्रशासन की ओर से पांच तैराकों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। प्रशासन और कारा प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था के बीच बंदियों ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ छठ महापर्व मनाया।












