-छठ के साथ शुरू हुआ समा-चकेवा का उत्सव, मैथिली लोकगीतों से गूंजने लगे गांव-आंगन
मुजफ्फरपुर/शालिनी तिवारी। लोक आस्था के महापर्व छठ के अनुष्ठान के साथ ही मिथिलांचल की समृद्ध लोक संस्कृति और भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक समा-चकेवा पर्व भी शुरू हो गया है। शहर से लेकर गांवों तक इस पारंपरिक लोकपर्व की रौनक दिखाई देने लगी है। हाट-बाजारों में रंग-बिरंगी मिट्टी की प्रतिमाओं की दुकानें सज गई हैं, वहीं शाम होते ही गांवों के आंगन और चौपाल पारंपरिक मैथिली लोकगीतों से गूंजने लगे हैं।
पर्व को लेकर महिलाओं और युवतियों में खासा उत्साह है। प्रखंड के प्रमुख हाट-बाजारों में कुम्हारों द्वारा तैयार समा-चकेवा, सतभैया, वृंदावन और चुगला की आकर्षक मिट्टी की प्रतिमाएं बिक्री के लिए सजाई गई हैं। बाजार में 60 रुपये से लेकर 600 रुपये तक के सेट उपलब्ध हैं। महिलाएं अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रही हैं। दुकानदारों के अनुसार, मध्यम और कम कीमत वाली प्रतिमाओं की मांग सबसे अधिक है।
मैथिली लोकगीतों से गुलजार हुए गांव-आंगन:
समा-चकेवा पर्व शुरू होते ही ग्रामीण इलाकों में सांस्कृतिक उत्सव का माहौल बन गया है। शाम ढलते ही महिलाओं की टोलियां एकत्र होकर पारंपरिक मैथिली लोकगीत गा रही हैं। ‘गाम के अधिकारी तोहे बड़का भैया हो, हाथ दस-दस पान…’ और ‘चकेवा हे चकेवा, ले ले अइह भैया के संदेसवा…’ जैसे लोकगीतों से वातावरण में मिथिलांचल की लोक परंपरा की मिठास घुल रही है।

भाई की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना:
लोक मान्यता के अनुसार, इस पर्व में बहनें प्रतिदिन शाम को समा-चकेवा की प्रतिमाओं को ओस दिखाती हैं। साथ ही चुगला नामक पात्र का प्रतीकात्मक दहन किया जाता है। इस परंपरा के माध्यम से बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करती हैं। यह पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और पारिवारिक रिश्तों की मजबूती का संदेश देता है।
कार्तिक पूर्णिमा को होगा पर्व का समापन:
आठ दिनों तक चलने वाले इस लोकपर्व का समापन कार्तिक पूर्णिमा के दिन होगा। इस अवसर पर परंपरा के अनुसार जोते हुए खेतों या जलाशयों में समा-चकेवा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। समा-चकेवा का यह उत्सव मिथिलांचल की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का माध्यम भी है।












