-ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार से बिगड़ रही सेहत, एसकेएमसीएच में एक सप्ताह में 3560 मरीज पहुंचे
मुजफ्फरपुर। बदलते मौसम और लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण की दोहरी मार अब शहरवासियों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है। सुबह और रात के समय बढ़ती ठंड के कारण सर्दी, खांसी, दमा और सांस लेने में परेशानी के मामले बढ़ रहे हैं। वहीं, सड़कों से उड़ने वाले धूलकण और प्रदूषित हवा लोगों की शारीरिक सेहत के साथ मानसिक स्वास्थ्य को भी प्रभावित कर रहे हैं। इसका असर श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) की ओपीडी में साफ दिखाई दे रहा है। पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार, पिछले सात दिनों में मेडिसिन विभाग में 1810 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें सांस संबंधी परेशानी, दमा और वायरल बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। वहीं, शिशु रोग विभाग में ठंड और धूल-धुएं से प्रभावित 1610 बच्चों का इलाज किया गया। इनमें निमोनिया और सर्दी-खांसी की शिकायत वाले बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा घबराहट, चिड़चिड़ापन और तनाव की समस्या लेकर 140 मरीज मनोचिकित्सक के पास पहुंचे। इस तरह एक सप्ताह में इन तीनों विभागों में कुल 3560 मरीजों का इलाज हुआ।
धूल-धुएं से बढ़ रही बेचैनी और मानसिक परेशानी:
मनोचिकित्सक प्रो. डॉ. आइडी सिंह ने बताया कि धूल और धुएं के सूक्ष्म कण सांस लेने में कठिनाई पैदा कर सकते हैं। लंबे समय तक खराब हवा के संपर्क में रहने और शारीरिक अस्वस्थता के कारण लोगों में चिड़चिड़ापन, बेचैनी और तनाव बढ़ सकता है। इसका असर दैनिक जीवन और मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है।

तापमान गिरने से बढ़ रही दमा के मरीजों की परेशानी:
मेडिसिन विभाग के डॉ. संजीव कुमार के अनुसार, तापमान में गिरावट के कारण श्वसन नलियां सिकुड़ सकती हैं। इससे दमा और अस्थमा के मरीजों को सांस लेने में अधिक परेशानी होती है। वहीं, प्रदूषित हवा में मौजूद धूलकण श्वसन तंत्र को प्रभावित करते हैं। इसके कारण थकान, सिरदर्द और सांस संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता की जरूरत:
चिकित्सकों के अनुसार, बदलते मौसम और वायु प्रदूषण का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों पर पड़ सकता है। ऐसे लोगों को धूल-धुएं के संपर्क से बचने, ठंड से बचाव करने और परेशानी होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की जरूरत है। लगातार बढ़ते मरीजों की संख्या ने मौसम और प्रदूषण से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है।












