-सोनपुर मेला 2026 में हाथियों की खरीद-बिक्री और प्रदर्शन पर प्रतिबंध
-धार्मिक स्नान के लिए मिल सकेगी अनुमति
-वन विभाग ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश
-हाथी लाने से पहले लेनी होगी अनुमति
-नियम तोड़ने पर सात साल तक की कैद
मुजफ्फरपुर। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला 2026 में इस बार हाथियों की खरीद-बिक्री, व्यापार, हस्तांतरण और मनोरंजन के उद्देश्य से प्रदर्शन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने हाथियों को मेले में लाने और उनके संरक्षण को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग के अनुसार, वैध रूप से पाले जा रहे हाथियों को भी मेले में केवल धार्मिक स्नान जैसी पारंपरिक गतिविधियों के लिए ही अनुमति दी जा सकती है। हाथियों का प्रदर्शन करना या उन्हें मनोरंजन के उद्देश्य से मेले में रखना गैरकानूनी होगा।
विभागीय निर्देश के अनुसार, हाथी मालिकों को मेले में हाथी लाने के लिए सारण वन प्रमंडल (छपरा) के वन प्रमंडल पदाधिकारी और मेला प्राधिकार के समक्ष निर्धारित प्रपत्र में अग्रिम आवेदन देना होगा। दोनों स्तरों से पूर्व अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत हाथी अनुसूची-1 का संरक्षित वन्यजीव है। बिहार में हाथियों की खरीद-बिक्री, व्यापार और हस्तांतरण प्रतिबंधित है। राज्य के बाहर से हाथी लाना भी प्रतिबंधित और दंडनीय है। वैध हाथियों के परिवहन के लिए मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक, बिहार और संबंधित राज्य से ट्रांजिट परमिट लेना अनिवार्य होगा।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि मेले में लाए जाने वाले हाथियों के साथ किसी भी तरह का क्रूर व्यवहार, कष्टदायक गतिविधि या करतब का प्रदर्शन नहीं किया जा सकेगा। उनके रखरखाव में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के प्रावधानों का सख्ती से पालन करना होगा। दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (संशोधित 2022) के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसमें तीन से सात वर्ष तक की कैद अथवा 25 हजार से एक लाख रुपये तक जुर्माना या दोनों सजा का प्रावधान है।
सोनपुर मेले में हाथी लाने के लिए मालिक को स्वघोषणा पत्र भी देना होगा। इसमें हाथी का वैध मालिक होने, उसे केवल धार्मिक प्रयोजन से मेले में लाने तथा उसके भोजन, आवास और सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी स्वयं उठाने का संकल्प देना होगा। हाथी का पूरी तरह स्वस्थ होना भी अनिवार्य होगा। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद मालिक को हाथी को उसके सुरक्षित स्थायी निवास पर वापस ले जाना होगा और इसकी सूचना वन प्रमंडल पदाधिकारी को देनी होगी। मेले के दौरान हाथी की बिक्री, दान या किसी अन्य व्यक्ति को हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार के सभी संबंधित कानूनों एवं नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।












