-शिवदासपुर विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा, विधायक कोमल सिंह हुईं शामिल
दीपक कुमार/ गायघाट
कटरा। गायघाट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कटरा प्रखंड के शिवदासपुर स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में गायघाट विधायक कोमल सिंह शामिल हुईं। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने तथा आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान विद्यालय के सर्वांगीण विकास, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। विधायक कोमल सिंह ने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि गायघाट विधानसभा क्षेत्र के सभी विद्यालयों में शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और अपनी प्रतिभा निखारने का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए, ताकि बच्चे अपने सपनों को साकार कर सकें। उन्होंने विद्यालयों के विकास और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक प्रयास जारी रखने की बात कही।












