Advertisement

जनकपुरधाम में चाकूबाजी, एक युवक की मौत और दूसरा गंभीर घायल; एक आरोपी गिरफ्तार

-जनकपुरधाम में चाकूबाजी, एक युवक की मौत और दूसरा गंभीर घायल; एक आरोपी गिरफ्तार

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।

नेपाल के जनकपुरधाम में पुरानी रंजिश को लेकर हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना गुरुवार शाम करीब 7:10 बजे जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका-5 के रहीमपथ के पास हुई। पुलिस ने मामले में 22 वर्षीय मोहम्मद इरसाद खान को हिरासत में लिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, जनकपुरधाम-5 के सोनारपट्टी, दाहा चौक निवासी 24 वर्षीय अमीन सफी और 25 वर्षीय इम्तियाज राइन पर चाकू से हमला किया गया। दोनों के सीने और पेट में चाकू लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए प्रादेशिक अस्पताल, जनकपुर ले गई। वहां चिकित्सकों ने शाम 7:15 बजे अमीन सफी को मृत घोषित कर दिया। उनका शव अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल इम्तियाज राइन का इलाज जारी है।

धनुषा पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।