-122.39 करोड़ की लागत से बने सासाराम बाईपास का लोकार्पण, जलस्रोतों के संरक्षण पर जोर
पटना/सासाराम, 6 अक्टूबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को रोहतास जिले के सासाराम में 122.39 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो-लेन सासाराम बाईपास पथ का लोकार्पण किया। बेदा से मोकर तक सिंचाई नहर के बांध पर आरओबी एवं पुल सहित निर्मित इस बाईपास के शुरू होने से सासाराम शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलने की बात कही गई।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने कायाकल्प अभियान के तहत सासाराम बाईपास के समीप जीर्णोद्धार किए गए पोखर का निरीक्षण किया। उन्होंने पोखर के जीर्णोद्धार, साफ-सफाई और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को जलस्रोतों के नियमित रखरखाव के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘रोहतास जल संजीवनी’ अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत जिले के तालाबों, पोखरों, जलाशयों और अन्य जलस्रोतों का जीर्णोद्धार, साफ-सफाई एवं नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा। वर्षा जल के अधिक से अधिक संग्रहण और संरक्षण के साथ पारंपरिक जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जलस्रोतों को अतिक्रमण और प्रदूषण से मुक्त रखने तथा संरक्षण कार्यों में स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।
कार्यक्रम में मंत्री अशोक चौधरी, मंत्री श्रेयसी सिंह, कई विधायक, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी प्रीता वर्मा, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरीय अधिकारी मौजूद रहे।












