-नशा मुक्ति को लेकर चला जागरूकता अभियान, हर रविवार पंचायत स्तर पर बैठक का निर्णय
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर दक्षिणी पंचायत के शनिचर हाट चौक स्थित जनता पुस्तकालय परिसर में रविवार को जय गुरुदेव संस्थान एवं समाज के धर्मप्रेमी लोगों के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जय गुरुदेव संस्थान के दर्जनों अनुयायी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण शामिल हुए। अध्यक्षता संस्थान के प्रखंड अध्यक्ष महेश महतो ने की, जबकि संचालन समाजसेवी तपसी प्रसाद सिंह ने किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज में विशेषकर युवाओं में बढ़ते नशे के सेवन को लेकर चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि नशे की लत युवाओं के भविष्य को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार और समाज के लिए भी गंभीर समस्या बनती जा रही है। नशे की पूर्ति के लिए कुछ युवा चोरी जैसी घटनाओं में भी संलिप्त हो रहे हैं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

प्रखंड अध्यक्ष महेश महतो ने कहा कि प्रखंड की विभिन्न पंचायतों, गांवों, टोलों और कस्बों में युवाओं के बीच नशे का सेवन बढ़ना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इससे निपटने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से नशा छोड़ने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रखंड की सभी पंचायतों के वार्डों, चौक-चौराहों और प्रमुख स्थानों पर प्रत्येक रविवार को बैठक आयोजित कर नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। समाज के लोगों से इन कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने और युवाओं को नशे के सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
मौके पर राजेश कुमार, वीरचंद्र राय, संतोष राम, अजय कुमार सिंह, गजेंद्र प्रसाद सिंह, श्री भगवान सिंह, हरिहर दास, महेश प्रसाद सिंह, अर्जुन ठाकुर, राधे प्रसाद सिंह, तपसी प्रसाद सिंह, महेश सिंह, पंकज कुमार, रामदास सिंह, संजय सिंह, उमेश कुमार सिंह, विश्वनाथ राय, महेश महतो सहित कई लोग मौजूद थे।












