Advertisement

मुजफ्फरपुर में बूढ़ी गंडक भी उफान पर, चार दिनों में 3 मीटर बढ़ा जलस्तर; सीढ़ी घाट तक पहुंचा पानी

-मुजफ्फरपुर में बूढ़ी गंडक भी उफान पर, चार दिनों में 3 मीटर बढ़ा जलस्तर; सीढ़ी घाट तक पहुंचा पानी

मुजफ्फरपुर। जिले में गंडक और बागमती नदी के बाद अब बूढ़ी गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर ने चिंता बढ़ा दी है। पिछले चार दिनों में बूढ़ी गंडक के जलस्तर में करीब तीन मीटर की वृद्धि दर्ज की गई है। नदी का पानी सिकंदरपुर स्थित सीढ़ी घाट तक पहुंच गया है। हालांकि जलस्तर अभी खतरे के निशान से नीचे बताया जा रहा है, लेकिन तेजी से हो रही वृद्धि को देखते हुए निचले इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
वर्तमान में बूढ़ी गंडक का जलस्तर करीब 50.03 मीटर बताया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार नदी का पानी इसी गति से बढ़ता रहा तो अगले दो-तीन दिनों में जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।


मुजफ्फरपुर के छह प्रखंड पहले से बाढ़ से प्रभावित हैं। गंडक नदी के कारण साहेबगंज, पारू और सरैया प्रभावित हैं। इनमें साहेबगंज और सरैया की स्थिति अधिक प्रभावित बताई जा रही है, जबकि पारू में बांध टूटने के बाद हालात और चुनौतीपूर्ण हो गए हैं।
वहीं, बागमती नदी के कारण औराई, कटरा और गायघाट प्रखंड प्रभावित हैं। कटरा और गायघाट में बाढ़ का असर अधिक है। हालांकि बागमती का जलस्तर फिलहाल स्थिर बताया जा रहा है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी हैं। जरूरत के अनुसार राहत सामग्री पहुंचाने के साथ कम्युनिटी किचन भी संचालित किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से पैनिक नहीं करने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की है।