-औराई में जर्जर सामुदायिक भवन का मलबा बच्चों पर गिरा, आधा दर्जन घायल
-महादलित टोले में हादसे से मची अफरा-तफरी
-ग्रामीणों ने प्रशासन पर अनदेखी का लगाया आरोप
औराई/मुजफ्फरपुर। औराई प्रखंड के सहिलाबल्ली पंचायत अंतर्गत आदमपुर भवानीपुर गांव के वार्ड संख्या-1 स्थित महादलित टोले में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। जर्जर सामुदायिक भवन का छत और दीवार का एक हिस्सा अचानक भरभराकर बच्चों के ऊपर गिर गया। हादसे में पढ़ाई कर रहे करीब आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए। बच्चों को पढ़ा रही निजी शिक्षिका भी मलबे की चपेट में आकर घायल हुई हैं।

बताया गया कि निजी शिक्षिका महादलित टोले के बच्चों को सामुदायिक भवन में नि:शुल्क पढ़ा रही थीं। इसी दौरान अचानक भवन का जर्जर हिस्सा तेज आवाज के साथ गिर पड़ा। मलबा गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों में चीख-पुकार शुरू हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर बच्चों और शिक्षिका को बाहर निकाला तथा निजी चिकित्सकों के यहां ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सामुदायिक भवन काफी समय से जर्जर हालत में था। इसकी मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को लिखित एवं मौखिक रूप से सूचना दी गई थी, लेकिन समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई। सहिलाबल्ली पंचायत के पूर्व मुखिया सह कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष लक्ष्मण ठाकुर ने भी प्रशासन पर शिकायतों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
हादसे के बाद महादलित टोले के लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते जर्जर भवन को सुरक्षित नहीं किया गया, जिसके कारण बच्चों की जान जोखिम में पड़ गई। राहत की बात है कि फिलहाल घायल बच्चों और शिक्षिका की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच और जर्जर भवन को लेकर आगे की कार्रवाई की मांग उठ रही है।












