-सोनपुर मंडल में मेगा टिकट जांच अभियान जारी, 2885 यात्रियों पर कार्रवाई
सोनपुर। यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नियमसम्मत यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ रेलवे राजस्व की सुरक्षा के लिए सोनपुर मंडल में मेगा टिकट जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 सितंबर को सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, मानसी, खगड़िया, नवगछिया सहित विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।
मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान में टिकट जांच कर्मियों, रेलवे सुरक्षा बल और वाणिज्य विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से सघन जांच की। इस दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट तथा बिना उचित प्राधिकरण के यात्रा करने वाले 2885 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इन मामलों से रेलवे को 28 लाख 75 हजार 830 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे के अनुसार सितंबर माह में 28 सितंबर तक कुल 43,120 मामलों का निपटारा किया गया, जिससे 3 करोड़ 77 लाख 46 हजार 316 रुपये का राजस्व अर्जित हुआ है। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 3,73,507 मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 29 करोड़ 26 लाख 34 हजार 848 रुपये का रेल राजस्व प्राप्त किया गया है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें। बिना टिकट या अनियमित टिकट से यात्रा करने पर रेलवे अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है। सोनपुर मंडल ने कहा है कि रेलवे राजस्व की सुरक्षा और यात्रियों को बेहतर एवं सुरक्षित सेवा उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।












