-आंगनबाड़ी सेवाओं को सुदृढ़ करेगा ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम : मुख्यमंत्री
-बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा पर जोर, राज्य के 1.15 लाख से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों में हुआ आयोजन
पटना, 29 सितंबर 2026(दीपक/शालिनी)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को फुलवारीशरीफ उच्च विद्यालय परिसर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-137 में राज्यव्यापी ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। राज्य के सभी 1,15,064 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के साथ आंगनबाड़ी सेवाओं को और बेहतर बनाना है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र पर बच्चों एवं लाभार्थियों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं और संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। बच्चों ने कविता प्रस्तुत की और अपना परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए मिठाइयां वितरित कीं। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया।

इस दौरान आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका और आशा दीदी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा लाभार्थियों के बीच पौष्टिक किट वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने ‘सुपोषित बचपन की रसोई’ पुस्तिका का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक भोजन, फल और दूध उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लाभार्थी और स्थानीय लोग अपने सुझाव दें। जिन केंद्रों के पास अपना भवन नहीं है, वहां भवन निर्माण की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जच्चा-बच्चा दोनों को स्वस्थ रखना तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और पोषण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। बच्चे मजबूत होंगे तो राज्य और देश मजबूत होगा। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों से गांव के सभी छोटे बच्चों को केंद्र से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक श्याम रजक समेत विभागीय अधिकारी, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, बच्चे और उनके अभिभावक मौजूद रहे।












