Advertisement

मोतिहारी में शिक्षक की संदिग्ध मौत से बवाल, शव सड़क पर रखकर हंगामा; पूर्व प्रमुख पर हत्या का आरोप

-मोतिहारी में शिक्षक की संदिग्ध मौत से बवाल, शव सड़क पर रखकर हंगामा; पूर्व प्रमुख पर हत्या का आरोप

मोतिहारी/राजन द्विवेदी। पूर्वी चंपारण के बंजरिया थाना क्षेत्र में एक शिक्षक की संदिग्ध मौत के बाद गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। सिसवा पूर्वी स्थित उर्दू स्कूल के शिक्षक समसाद आलम स्कूल से घर लौटने के दौरान लापता हो गए थे। करीब पांच घंटे बाद उनका शव सदर अस्पताल में मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सदर अस्पताल के मुख्य गेट के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। लोग मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे।
मृतक के पिता मो. रफीस ने बंजरिया के पूर्व प्रमुख जफीर आजाद उर्फ चमन पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मिट्टी कटाई को लेकर चमन के साथ पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में समसाद आलम की हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है। पिता के अनुसार, पूर्व में भी उनके पुत्र को जान से मारने की धमकी मिली थी और इसकी शिकायत की गई थी।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी चंपारण पुलिस ने आरोपी पूर्व प्रमुख जफीर आजाद उर्फ चमन की तस्वीर जारी कर उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने इस मामले में जटवा गांव निवासी शब्बीर आलम को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक वाहन भी जब्त किया गया है।
हंगामे की सूचना पर सदर एसडीओ अरुण कुमार और डीएसपी दिलीप कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस फिलहाल घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही शिक्षक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मौत हत्या है या किसी अन्य कारण से हुई, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।