– 30 नवंबर तक पंचायत स्तर के छोटे विकास कार्य पूरे करने का निर्देश, मुख्यमंत्री ने शुरू किया सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान
पटना, 18 सितंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने ‘कायाकल्प’ पोर्टल का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर सार्वजनिक सुविधाओं एवं परिसंपत्तियों को बेहतर, स्वच्छ और उपयोगी बनाने से जुड़े छोटे-छोटे कार्य 30 नवंबर तक हर हाल में पूरे किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक सुविधाओं एवं परिसंपत्तियों का उन्नयन, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मती के साथ नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण करना है। अभियान के दो प्रमुख हिस्से हैं। पहले चरण में पहले से मौजूद परिसंपत्तियों का उन्नयन, सुदृढ़ीकरण और मरम्मती का काम 30 नवंबर तक पूरा किया जाना है। उन्होंने कहा कि संभव हो तो इन कार्यों को दीपावली से पहले ही पूरा कर लिया जाए। वहीं नई आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों के निर्माण का लक्ष्य 31 मार्च 2027 निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने पंचायत स्तर पर विद्यालयों की रंगाई-पुताई, आंगनबाड़ी केंद्रों, सामुदायिक भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों और छात्रावासों में लंबित छोटे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। उन्होंने अंबेडकर छात्रावास, कर्पूरी ठाकुर छात्रावास समेत अन्य छात्रावासों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जहां आम लोगों को परेशानी हो रही है या आधारभूत संरचना को दुरुस्त करने की आवश्यकता है, वहां जरूरत के अनुसार छोटे-छोटे कार्य कराए जाएं। इन कार्यों के माध्यम से आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और समाज को विकास से जोड़ना अभियान का उद्देश्य है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘कायाकल्प’ पोर्टल का लोकार्पण करते हुए कहा कि इसके माध्यम से योजनाओं की निगरानी आसान होगी और लंबित कार्यों में तेजी आएगी। पोर्टल पर संबंधित विभागों की योजनाओं की प्रगति, अब तक हुए कार्य, पूर्ण योजनाओं और अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध रहेंगी। पोर्टल के साथ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
अभियान के तहत ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, पंचायती राज, नगर विकास एवं आवास, शिक्षा, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मंत्रीगण और जिला प्रशासन के अधिकारियों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यों को सफल बनाने के लिए पंचायती राज संस्थाओं, नगर निकायों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाए। छोटे-छोटे कार्यों के समय पर पूरा होने से आम लोगों को सीधे लाभ मिलेगा और वे बेहतर सुविधाओं का अनुभव कर सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एच.आर. श्रीनिवास ने ‘कायाकल्प’ पोर्टल के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री का हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित विभिन्न विभागों के मंत्री, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, विभागों के अपर मुख्य सचिव, सचिव और अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी भी जुड़े थे।











