-किराये के मकान में मजदूर की संदिग्ध हत्या, आंखों पर मिले गहरे जख्म; पत्नी और दो बच्चे गायब
मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया चाणक्यपुरी रोड नंबर छह मोहल्ले में शुक्रवार सुबह किराये के मकान में एक मजदूर का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मीनापुर थाना क्षेत्र के राघोपुर मुस्तफापुर निवासी उपेंद्र पासवान (35) के रूप में हुई है। घटना के बाद से मृतक की पत्नी और उसके दो बच्चे गायब हैं। पुलिस हत्या समेत अन्य बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह दूध देने पहुंचे ग्वाले ने कमरे के अंदर उपेंद्र पासवान का शव जमीन पर पड़ा देखा। शव खून से लथपथ था। इसके बाद उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर अहियापुर थानेदार शरत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने मकान मालिक से भी घटना के संबंध में जानकारी ली।
जांच के दौरान पुलिस को एस्बेस्टस वाले कमरे में साड़ी का फंदा बंधा हुआ मिला। फंदा कमरे में किन परिस्थितियों में लगाया गया, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस हत्या के साथ अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

पुलिस के अनुसार उपेंद्र पासवान की दोनों आंखों पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया जख्मों की प्रकृति को देखते हुए किसी नुकीली वस्तु से चोट पहुंचाए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और इस्तेमाल किए गए हथियार के संबंध में जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया। टीम ने करीब दो घंटे तक कमरे की बारीकी से जांच की और कई साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन का भी पता लगाने में जुटी है, ताकि घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकें।
घटना के बाद से उपेंद्र पासवान की पत्नी और उसके दो बच्चे गायब हैं। दोनों बच्चों की उम्र करीब छह और 10 वर्ष बताई गई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। मृतक के पैतृक गांव में भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
मकान मालिक सेवानिवृत्त सूबेदार शिवशंकर सिंह ने बताया कि उपेंद्र पासवान करीब ढाई महीने पहले ही उनके मकान में किराये पर रहने आया था। वह कैंपस के ग्राउंड फ्लोर पर बने एस्बेस्टस के कमरे में पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। मकान मालिक के अनुसार पति-पत्नी के बीच कभी-कभार अनबन होती थी, लेकिन इस संबंध में उनके पास कोई शिकायत नहीं आई थी।
अहियापुर थानेदार शरत कुमार ने बताया कि किराये के मकान में मजदूर का शव मिला है। उसकी पत्नी और दोनों बच्चे फिलहाल गायब हैं। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल की जांच की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।












