-10 दिव्यांग लाभुकों को मिली बैट्री चालित ट्राइसाइकिल, दो को एक-एक लाख की एफडी
मुजफ्फरपुर। समाज के कमजोर, वंचित एवं दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल की है। मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना ‘संबल’ के तहत शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर जिलाधिकारी कुमार गौरव ने 10 चयनित एवं पात्र दिव्यांग लाभुकों को बैट्री चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पात्र लाभुकों को आर्थिक सहायता से संबंधित सावधि जमा प्रमाण पत्र और पेंशन स्वीकृति आदेश भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के एक लाभुक और मुख्यमंत्री अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के एक लाभुक को एक-एक लाख रुपये की सावधि जमा राशि का प्रमाण पत्र दिया गया। वहीं सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत पांच नए पात्र लाभुकों को पेंशन स्वीकृति आदेश सौंपा गया।
लाभुकों को संबोधित करते हुए डीएम कुमार गौरव ने कहा कि दिव्यांगजनों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। बैट्री चालित ट्राइसाइकिल मिलने से दिव्यांगजनों का आवागमन आसान होगा और वे शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ सकेंगे। इससे उन्हें दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भरता भी कम होगी।

डीएम ने सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा को निर्देश दिया कि जिले में संचालित सभी कल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के पात्र लाभुकों की पहचान और चयन की प्रक्रिया पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से की जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी वास्तविक और जरूरतमंद पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। अधिकारियों को आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के साथ संवेदनशीलता से कार्य करने का निर्देश दिया गया।
बैट्री चालित ट्राइसाइकिल पाने वाले लाभुकों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। लाभुकों ने कहा कि आने-जाने में पहले काफी परेशानी होती थी, लेकिन ट्राइसाइकिल मिलने से बाजार, दफ्तर, रोजगार स्थल और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचना आसान होगा।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सहित जिला प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।












