-SKMCH की पैथोलॉजी लैब पर ठनका गिरने से जांच व्यवस्था ठप
-सर्वर और बायोकेमिस्ट्री मशीनें बंद
मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल एसकेएमसीएच की पैथोलॉजी लैब में देर रात आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से जांच व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई। तेज धमाके के साथ गिरे ठनके के कारण पैथोलॉजी विभाग का मुख्य सर्वर, कंप्यूटर सिस्टम और बायोकेमिस्ट्री जांच से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मशीनें अचानक बंद हो गईं। तकनीकी खराबी के कारण ओपीडी और वार्ड में भर्ती मरीजों की कई तरह की जांच प्रभावित होने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात तेज बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से जोरदार धमाका हुआ। इससे ड्यूटी पर तैनात लैब टेक्नीशियन और अन्य स्वास्थ्यकर्मी दहशत में आ गए और एहतियातन लैब से बाहर निकल गए। स्थिति सामान्य होने के बाद जब कर्मचारी वापस लैब में पहुंचे तो मुख्य सर्वर और कंप्यूटर सिस्टम बंद मिले।

ठनका गिरने से बायोकेमिस्ट्री जांच मशीन से जुड़ा कंप्यूटर और विभाग का केंद्रीय सर्वर भी प्रभावित हुआ है। सर्वर डाउन होने के कारण मरीजों के ब्लड सैंपल की डिजिटल एंट्री और ऑनलाइन जांच रिपोर्ट तैयार करने में परेशानी आ रही है। इससे पैथोलॉजी की डिजिटल रिपोर्टिंग व्यवस्था बाधित हो गई है।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद डेटा ऑपरेटर राहुल कुमार देर रात अस्पताल पहुंचे और सर्वर व सिस्टम को रीबूट करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी खराबी गंभीर होने के कारण सफलता नहीं मिली। सुबह तक सर्वर बहाल नहीं होने के कारण जांच के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल में मुजफ्फरपुर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तकनीकी टीम को बुलाया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, क्षतिग्रस्त उपकरणों और सर्वर की जांच कर उन्हें दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है। तकनीकी टीम के काम पूरा करने के बाद पैथोलॉजी जांच व्यवस्था को जल्द सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।












