-बरुआरी में कार की टक्कर से बाइक सवार तीन घायल, इलाज के दौरान युवक की मौत
दीपक कुमार/गायघाट
मुजफ्फरपुर। दरभंगा-मुजफ्फरपुर फोरलेन एनएच-27 पर बेनीबाद थाना क्षेत्र के बरुआरी चौहान चौक के पास सोमवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान एक घायल युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान औराई थाना क्षेत्र के सागहरी रामपुर निवासी चंदन कुमार (34) के रूप में हुई है। घायलों में अंजली कुमारी (24) शामिल हैं, जबकि तीसरे घायल की पहचान नहीं हो सकी है। वह बोलने की स्थिति में नहीं था, जिसके कारण उसके नाम-पते की जानकारी नहीं मिल पाई।

बताया गया कि तीनों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान बरुआरी चौहान चौक के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए पीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान चंदन कुमार की मौत हो गई। वहीं, अन्य दोनों घायलों का इलाज जारी है। तीसरे घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बेनीबाद थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद पुलिस ने कार और बाइक को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है।












