-डैनी पुल के पास अनियंत्रित ट्रक ने मजदूर को कुचला, मौत के बाद 4.5 घंटे सड़क जाम
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। हाजीपुर-जंदाहा मुख्य मार्ग पर राजापाकर थाना क्षेत्र के डैनी पुल के समीप बुधवार सुबह करीब छह बजे सड़क दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। करीब साढ़े चार घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जो लगभग चार किलोमीटर तक पहुंच गई।
मृतक की पहचान सहदेई प्रखंड के माजरोही उर्फ सहरिया पंचायत निवासी स्व. पुनीत राय के पुत्र सोहन राय (42) के रूप में हुई है। बताया गया कि सोहन राय हाजीपुर से मजदूरी कर अपने घर लौट रहे थे। डैनी पुल के पास वाहन से उतरने के बाद वह पैदल घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पानी की टंकी लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क के बीच रखकर मार्ग को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे।
सूचना पर राजापाकर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस को परिजनों और ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। देसरी थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। राजापाकर थानाध्यक्ष गौड़ी शंकर बैठा, अपर थानाध्यक्ष संदीप मंडल और स्थानीय मुखिया अरुण राय ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। काफी प्रयास के बाद परिजन शव को सड़क से हटाने के लिए राजी हुए।
इसके बाद राजापाकर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया। सड़क जाम के कारण हाजीपुर-जंदाहा मार्ग पर करीब साढ़े चार घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लगी रही।











