-MLC चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर का बड़ा बयान, 8 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जन सुराज
मुजफ्फरपुर। तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव को लेकर जन सुराज ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को मुजफ्फरपुर के जिला परिषद मार्केट स्थित होटल शुभकामना में आयोजित बैठक में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर शामिल हुए। बैठक में मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली के संगठन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संभावित प्रत्याशी को लेकर राय ली गई।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज आगामी MLC चुनाव में आठ सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि बैठक में इस बात पर विस्तृत चर्चा हुई कि पार्टी की ओर से किसे उम्मीदवार बनाया जाए। चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों ने भी अपनी बात रखी है। कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों से मिले सुझावों के आधार पर अगले दो से चार दिनों में प्रत्याशी की घोषणा कर दी जाएगी।
प्रशांत किशोर ने कहा कि तिरहुत प्रमंडल में संगठन के महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाल रहे नेताओं को बैठक में बुलाया गया था, ताकि संभावित प्रत्याशी और चुनावी तैयारियों को लेकर उनकी राय ली जा सके। उन्होंने कहा कि सभी के सुझाव सुने गए हैं और इन्हीं के आधार पर पार्टी आगे का निर्णय लेगी।

उन्होंने कहा कि चुनाव में जन सुराज का जनाधार बढ़ रहा है या घट रहा है, इसका फैसला परिणाम आने पर होगा। कार्यकर्ता और समर्थक चाहते हैं कि पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरे। संगठन में चुनाव को लेकर उत्साह है और कार्यकर्ता पूरी मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे हैं।
बैठक में संगठन को मजबूत करने, मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने और प्रभावी चुनावी रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, एनपी मंडल, सुभाष कुशवाहा, सरवर अली समेत प्रदेश स्तर के कई नेता मौजूद रहे।
बैठक में जिला अध्यक्ष लाल बाबू, जिला महासचिव बिपिन चौधरी, मुख्य प्रवक्ता नदीम खान, वंदना प्रीतम, महिला अध्यक्ष रंजना कुमारी, युवा अध्यक्ष राहुल राज, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष इम्तियाज वारसी समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।











