-चंदवारा पुल:तीन किमी सड़क बनने पर दरभंगा एनएच से जुड़ेगा पूर्वी मुजफ्फरपुर
-बरसात के बाद बिछेगा बिटुमिनस
मुजफ्फरपुर। शहर के पूर्वी हिस्से के लोगों के लिए चंदवारा पुल से सफर अब आसान होने लगा है। पुल के एप्रोच पथ पर मिट्टी भरने और कंक्रीट डालने का काम पूरा होने के बाद आवागमन शुरू हो गया है। फिलहाल साइकिल, बाइक और कुछ चारपहिया वाहन इस रास्ते से गुजर रहे हैं। इससे आसपास के लोगों को काफी राहत मिली है।
पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता के अनुसार, एप्रोच पथ का प्रथम फेज अंतिम चरण में है। मिट्टी भरने और कंक्रीट डालने का काम पूरा कर लिया गया है। बारिश के कारण बिटुमिनस बिछाने का काम फिलहाल रोक दिया गया है। बरसात समाप्त होने के बाद एप्रोच पथ पर बिटुमिनस बिछाकर सड़क को अंतिम रूप दिया जाएगा।

फेज दो के तहत जेल चौक से सिपाहपुर तक करीब तीन किलोमीटर लंबा एप्रोच पथ बनाया जाना है। इसके निर्माण के बाद पूर्वी मुजफ्फरपुर की सीधी कनेक्टिविटी दरभंगा एनएच से हो जाएगी। इससे दरभंगा और सीतामढ़ी की ओर जाने वाले लोगों को शहर या जीरोमाइल होकर जाने की जरूरत कम होगी। इससे शहर के व्यस्त मार्गों पर वाहनों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
हालांकि फेज दो के काम में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के कारण देरी हो रही है। विभाग जिला भू-अर्जन कार्यालय के संपर्क में है। मुआवजा भुगतान के लिए करीब 20 करोड़ रुपये जिला भू-अर्जन कार्यालय को दिए जा चुके हैं। जमीन अधिग्रहण पर करीब 57 करोड़ रुपये खर्च होने का प्राक्कलन है।
फेज दो की पूरी परियोजना पर करीब 120 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इसमें अमर बलिदानी खुदीराम बोस स्मारक स्थल के जीर्णोद्धार का काम भी शामिल है। पुल निर्माण निगम की ओर से स्मारक स्थल के जीर्णोद्धार का काम शुरू कर दिया गया है।
चंदवारा पुल और प्रस्तावित तीन किलोमीटर एप्रोच पथ का काम पूरा होने के बाद पूर्वी मुजफ्फरपुर के लोगों को शहर के अंदर से होकर गुजरने और जीरोमाइल के रास्ते जाने से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। दरभंगा एनएच से सीधी कनेक्टिविटी मिलने पर दरभंगा और सीतामढ़ी की ओर आने-जाने में दूरी और समय दोनों कम हो सकते हैं।











