-औराई में युवक की संदिग्ध मौत, चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका
मुजफ्फरपुर। औराई थाना क्षेत्र के बेदौल ओपी इलाके में बुधवार अहले सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिसके बाद प्रथमदृष्टया पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान करीब 36 वर्षीय अशोक राय के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मंगलवार शाम करीब सात बजे अशोक किसी काम से घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
बुधवार सुबह गांव का एक व्यक्ति शौच के लिए निकला था। इसी दौरान उसकी नजर सड़क किनारे पड़े युवक के शव पर पड़ी। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। शव की स्थिति और शरीर पर चोट के निशान देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि अशोक का शव उसके घर से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर मिला। घर से निकलने के कुछ घंटे बाद इतनी कम दूरी पर शव मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अशोक के साथ रास्ते में क्या हुआ और वह किन परिस्थितियों में वहां पहुंचा।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हत्या की वजह और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
इधर, ग्रामीणों के बीच कथित प्रेम प्रसंग को भी घटना से जोड़कर चर्चा की जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
अशोक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश, किसी विवाद, लूटपाट या अन्य कोई कारण है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।












