Advertisement

सुस्ता के पास गंडक नदी के कटान का खतरा बढ़ा, एसएसबी महानिदेशक ने विशेषज्ञ टीम गठित करने का दिया सुझाव

-सुस्ता के पास गंडक नदी के कटान का खतरा बढ़ा, एसएसबी महानिदेशक ने विशेषज्ञ टीम गठित करने का दिया सुझाव

मुजफ्फरपुर।भारत-नेपाल सीमा पर सुस्ता गांव के पास नेपाल की ओर तटबंध के निर्माण को लेकर भारतीय क्षेत्र में गंडक नदी के कटान का खतरा बढ़ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसबी के महानिदेशक संजय सिंघल ने बिहार के मुख्य सचिव और प्रमंडलीय आयुक्त को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने नदी के कटान को रोकने के लिए विशेषज्ञों की टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
एसएसबी महानिदेशक ने इस क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण की आवश्यकता भी बताई है। मामले में प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने पश्चिमी चंपारण के जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही पूरे मामले की समीक्षा के लिए आठ सितंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक बुलाने की बात कही गई है।


महानिदेशक की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि दो अगस्त को नेपाल के सुस्ता गांव के कुछ नागरिकों ने असामाजिक तत्वों के सहयोग से यथास्थिति रेखा का उल्लंघन करते हुए तटबंध के विस्तार का प्रयास किया। दोनों देशों के बीच यह सहमति बनी थी कि यथास्थिति रेखा का उल्लंघन नहीं किया जाएगा और उसके समीप तटबंध निर्माण का कार्य भी नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद नेपाल की ओर से तटबंध के विस्तार का प्रयास किए जाने की बात सामने आई।
सूचना मिलने के बाद संबंधित स्तर पर कार्रवाई करते हुए यथास्थिति बहाल कर दी गई। हालांकि, नेपाल की ओर तटबंध के विस्तार और उसके सुदृढ़ीकरण से गंडक नदी के प्रवाह की दिशा भारतीय क्षेत्र की ओर बदलने की आशंका जताई गई है। इससे भारतीय भू-भाग में नदी के कटाव का खतरा बढ़ सकता है।
एसएसबी महानिदेशक ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नदी के प्रवाह, तटबंध और संभावित कटाव का तकनीकी अध्ययन कराने के लिए विशेषज्ञों की टीम गठित करने तथा आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय करने का आग्रह किया है। सीमा क्षेत्र में सड़क निर्माण को भी सुरक्षा और आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया गया है।