-मुजफ्फरपुर AK-47 बरामदगी मामले में सारण से मुख्य हथियार तस्कर गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। जिले के बहुचर्चित AK-47 रायफल बरामदगी मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को बड़ी सफलता मिली है। ब्रह्मपुरा से पूर्व में गिरफ्तार किए गए आरोपित भैरव त्रिपाठी उर्फ मास्टर की निशानदेही पर NIA और बिहार STF की संयुक्त टीम ने सारण जिले के परसा में छापेमारी कर कथित मुख्य हथियार तस्कर मो. करिमुद्दीन को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या आठ हो गई है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में करिमुद्दीन के गिरोह द्वारा सारण और आसपास के जिलों में सक्रिय आपराधिक गिरोहों तक अत्याधुनिक हथियार पहुंचाने की जानकारी सामने आई है। NIA अब हथियार तस्करी के इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी है।

मामला 7 मई 2024 को सामने आया था, जब फकुली ओपी क्षेत्र के मनकौली गांव से एक AK-47 रायफल, मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। हथियार बरामदगी के मामले के तार अंतरजिला हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने और सुरक्षा से जुड़े गंभीर पहलुओं को देखते हुए इसकी जांच NIA को सौंपी गई थी।
इस मामले में इससे पहले विकास कुमार, देवमणि कुमार, मंजूर खान, सत्यम कुमार, अहमद अंसारी, कुंदन कुमार उर्फ कुंदन भगत और भैरव त्रिपाठी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। करिमुद्दीन की गिरफ्तारी के बाद मामले में अब तक आठ आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
NIA की ओर से मामले में पहले चरण में विकास कुमार, सत्यम कुमार, अहमद अंसारी और देवमणि कुमार के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है। इसके बाद पूरक जांच में मंजूर खान और कुंदन भगत के खिलाफ भी चार्जशीट दाखिल की गई है।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि हथियार तस्करी से जुड़े इस नेटवर्क ने बिहार के विभिन्न जिलों में अन्य घातक हथियारों की खेप भी पहुंचाई हो सकती है। इसी को लेकर NIA और बिहार STF की टीमें नेटवर्क के अन्य सदस्यों और हथियारों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।












