-बेढ़ना पुल के पास डिवाइडर से टकराया तेज रफ्तार हाइवा, धू-धू कर जला 14 चक्का वाहन
पटना/बाढ़। बाढ़ अनुमंडल के बाढ़ थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात बेढ़ना पुल के पास एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार 14 चक्का हाइवा अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया, जिसके बाद वाहन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा हाइवा धू-धू कर जलकर राख हो गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार घटना रात करीब दो बजे की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार हाइवा चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और वह डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर के बाद हाइवा में आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने तक हाइवा का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। सड़क किनारे धधकते वाहन को देखकर आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
राहत की बात यह रही कि हादसे के दौरान वाहन में कोई व्यक्ति फंसा नहीं था और किसी के घायल होने की भी सूचना नहीं मिली है। आग लगने के कारण हाइवा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस वाहन के मालिक और उससे संबंधित दस्तावेजों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही आग लगने की वास्तविक वजह का भी पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में मामला डिवाइडर से टक्कर के बाद वाहन में आग लगने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आधी रात को पुल के पास हुए इस अग्निकांड से इलाके में कुछ देर के लिए सनसनी फैल गई।












