Advertisement

जनकपुरधाम सोना-चांदी व्यवसायी संघ का पदस्थापन एवं पद हस्तांतरण समारोह भव्यता से संपन्न

-जनकपुरधाम सोना-चांदी व्यवसायी संघ का पदस्थापन एवं पद हस्तांतरण समारोह भव्यता से संपन्न

जनकपुरधाम। जनकपुरधाम सोना-चांदी व्यवसायी संघ का पदस्थापन एवं पद हस्तांतरण समारोह शनिवार रात भव्य समारोह के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता पवन कुमार ठाकुर ने की। समारोह के मुख्य अतिथि नेपाल सरकार के पूर्व गृह मंत्री एवं उपप्रधानमंत्री विमलेन्द्र निधि तथा विशिष्ट अतिथि मधेश प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जीतेन्द्र सोनल रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व उपप्रधानमंत्री विमलेन्द्र निधि ने कहा कि नेपाल के प्रजातांत्रिक आंदोलन में सोना-चांदी व्यवसायियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। धार्मिक और सामाजिक कार्यों में भी सोना-चांदी व्यवसायी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। उन्होंने कहा कि नेपाली कांग्रेस की पहल के बाद सोना-चांदी पर लगने वाला विलासिता कर घटाकर 0.5 प्रतिशत किया गया। इसमें जनकपुरधाम के सोना-चांदी व्यवसायियों के साथ उन्होंने भी तत्कालीन अर्थमंत्री से मिलकर पहल की थी। उन्होंने कहा कि किसी राष्ट्र की समृद्धि के मानकों में सोना भी महत्वपूर्ण माना जाता है।


विशिष्ट अतिथि एवं मधेश प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जीतेन्द्र सोनल ने कहा कि सोना-चांदी व्यवसायियों को सुरक्षा की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार पुलिस प्रशासन बिना पूर्व सूचना के दुकानों पर छापेमारी कर व्यवसायियों को परेशान करता है। उन्होंने कहा कि सोना-चांदी व्यवसायियों की एकजुटता का ही परिणाम है कि आज यह कारोबार निरंतर आगे बढ़ रहा है।
इस दौरान निवर्तमान अध्यक्ष पवन कुमार ठाकुर ने निर्विरोध निर्वाचित अध्यक्ष राजीव कुमार चंदन को पदभार हस्तांतरित किया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने अध्यक्ष सहित नवगठित कार्यकारिणी टीम के सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
समारोह में जनकपुरधाम के दीर्घकालीन सोना-चांदी व्यवसायी हरद्वारी लाल सिंघानिया, शिवशंकर साह सहित अन्य वरिष्ठ व्यवसायियों को ‘टोकन ऑफ लव’ एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नेपाल सोना, चांदी एवं रत्न व्यवसायी संघ के महासचिव नीर बहादुर विश्वकर्मा, पूर्व विधायक एवं जसपा नेता परमेश्वर साह, जलेश्वर के मेयर सुरेश साह सोनार, मटिहानी के मेयर हरि प्रसाद मंडल, मनीष रमण साह, रामचंद पंजियार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं व्यवसायी उपस्थित रहे।