-प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना को लेकर प्रधानाध्यापकों की बैठक, जागरूकता पर दिया जोर
राजापाकर। राजापाकर प्रखंड मुख्यालय स्थित उच्च विद्यालय राजापाकर के सभागार में बुधवार को प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना को लेकर प्रखंड क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने की। इस दौरान राजापाकर के कनीय अभियंता (जेई), शिक्षा विभाग से जुड़े पदाधिकारी एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक मौजूद रहे।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के उद्देश्यों, इसके लाभ तथा विद्यालय स्तर पर योजना के प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बीडीओ ने प्रधानाध्यापकों को निर्देश देते हुए कहा कि योजना की जानकारी विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं ग्रामीणों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने से बिजली की खपत एवं खर्च में कमी आएगी। साथ ही स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। विद्यालयों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में योजना के प्रति जागरूकता फैलाने में प्रधानाध्यापक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
बैठक में मौजूद जेई ने योजना के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने सौर ऊर्जा के उपयोग, योजना की प्रक्रिया एवं इससे मिलने वाले लाभ के संबंध में प्रधानाध्यापकों को जानकारी दी। उन्होंने विद्यालयों में योजना से संबंधित जानकारी साझा करने और लोगों को जागरूक करने में सहयोग की अपील की।
इस दौरान प्रधानाध्यापकों ने योजना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों से सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों द्वारा विस्तार से जवाब दिया गया। बैठक का उद्देश्य प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना को आम लोगों तक पहुंचाना और सौर ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।












