-महंगी गाड़ियों को छोड़ दूल्हे ने थामी ट्रैक्टर की स्टेयरिंग, पीछे चला ट्रैक्टरों का काफिला; अनोखी बारात का वीडियो वायरल
कटिहार। शादी-ब्याह में आमतौर पर दूल्हे की बारात लग्जरी कारों, महंगी गाड़ियों और बैंड-बाजे के साथ निकलती है, लेकिन कटिहार के फलका में एक दूल्हे ने अपनी शादी में देसी अंदाज अपनाकर सबका ध्यान खींच लिया। यहां दूल्हा खुद ट्रैक्टर की स्टेयरिंग थामकर बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। दूल्हे के पीछे दो दर्जन से अधिक ट्रैक्टरों का काफिला चल रहा था। इस अनोखी बारात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
मामला फलका थाना क्षेत्र के मोरसंडा पंचायत के मांगणपट्टी गांव का है। वार्ड संख्या 12 निवासी मो. महबूब के बेटे दिलशाद उर्फ राजा की शादी मोरसंडा गांव निवासी मोहम्मद आबिद की बेटी रौनक परवीन के साथ तय हुई थी। शादी के दिन जब बारात निकली तो लोगों की नजरें दूल्हे पर टिक गईं।
दूल्हा दिलशाद उर्फ राजा खुद ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट पर बैठा और स्टेयरिंग थामकर दुल्हन के घर की ओर रवाना हुआ। उसके पीछे एक-दो नहीं, बल्कि दो दर्जन से अधिक ट्रैक्टरों का काफिला चल रहा था। ट्रैक्टरों पर बाराती सवार थे और पूरा काफिला गांव की सड़कों से गुजरते हुए विवाह स्थल की ओर बढ़ रहा था।

अनोखी बारात को देखने के लिए सड़क किनारे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग अपने घरों से निकलकर इस नजारे को देखने लगे। कई लोगों ने मोबाइल फोन से बारात का वीडियो बनाया, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।
दूल्हे दिलशाद उर्फ राजा ने बताया कि वह किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। ट्रैक्टर उनके परिवार की खेती-किसानी और रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा है। इसी वजह से उन्होंने अपनी जिंदगी के खास दिन पर भी ट्रैक्टर को बारात का साथी बनाने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि इस अनोखे अंदाज के पीछे किसी तरह का दिखावा नहीं, बल्कि सादगी, अपनी मिट्टी और किसान जीवन से जुड़ाव का संदेश है।
महंगी गाड़ियों के काफिले से अलग दूल्हे की ट्रैक्टर वाली बारात अब फलका इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। दूल्हे की स्टेयरिंग और पीछे चलते दर्जनों ट्रैक्टरों के काफिले ने शादी समारोह को ऐसा देसी रंग दिया कि देखने वाले भी इस अनोखी बारात की चर्चा करते नजर आए।












