-15 अगस्त को ऐतिहासिक गांधी मैदान में शान से लहराएगा तिरंगा : जिलाधिकारी
-बताया, जिला के प्रभारी मंत्री करेंगे झंडोत्तोलन
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
स्वतंत्रता दिवस के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने समाहरणालय स्थित डॉ राधाकृष्णन सभागार में जिला स्तरीय पदाधिकारीगण के साथ बैठक कर अब तक की तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही सभी कार्यों को समय से पूर्ण करा लेने का निर्देश दिया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को सुबह 9:00 बजे मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में माननीय जिला प्रभारी मंत्री सह बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जन संपर्क विभाग मंत्री के द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा। इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री के द्वारा पूर्वी चंपारण जिला में विकास और प्रगति के कार्य सहित बड़े प्रोजेक्ट्स पर चल रहे कार्यों को रेखांकित करते हुए गांधी मैदान में उपस्थित जन समुदाय को संबोधित किया जाएगा। माननीय मंत्री के द्वारा मुख्य मंच पर जिला में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न क्षेत्र के लोगों को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
जिलाधिकारी के द्वारा निर्देश दिया गया कि मुख्य समारोह स्थल गांधी मैदान मैं झंडोत्तोलन को लेकर चल रही तैयारी को समय से पूर्ण कर लिया जाए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, पदाधिकारीगण एवं आम लोगों के बैठने की बेहतर व्यवस्था की जाए। महिलाओं के लिए अलग दीर्घा तथा पत्रकारगण को बैठने एवं संपूर्ण कार्यक्रम को कवरेज करने के लिए के लिए अलग व्यवस्था कराने का निर्देश दिया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मोतिहारी नगर निगम क्षेत्र स्थित सभी महापुरुषों की प्रतिमा पर जिला स्तरीय पदाधिकारीगण द्वारा माल्यार्पण किया जाएगा। इस संबंध में नगर आयुक्त नगर निगम मोतिहारी को निर्देश दिया गया कि महापुरुषों की प्रतिमा की साफ-सफाई एवं रंग रोगन सहित सभी जरूरी कार्यों को समय से पूर्ण करा लें।
जिला स्तर पर झंडोत्तोलन के कार्यक्रम को निम्न रूप से निर्धारित किया गया। जिसमें गांधी मैदान में सुबह 9:00 बजे, समाहरणालय परिसर मोतिहारी में 9:45 बजे, अनुमंडल कार्यालय सदर के परिसर में 9:50 बजे, नगर निगम कार्यालय 10:05 बजे, गांधी संग्रहालय 10:15 बजे, जिला परिषद कार्यालय 10:25 बजे, पुलिस अधीक्षक कार्यालय 10:35 बजे, पुलिस केंद्र मोतिहारी 10:40 बजे एवं उसके पश्चात 11:05 पूर्वाह्न से महादलित टोलों में पदाधिकारी गण की उपस्थिति में उस टोला के बुजुर्ग महादलित व्यक्ति के द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा। इस बार महादलित टोलों में झंडोत्तोलन का कार्य महिलाओं के द्वारा कराए जाने का निर्देश प्राप्त है।।

जिलाधिकारी के द्वारा सभी तैयारी पूर्ण कर लेने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 13 अगस्त को स्वतन्त्रता दिवस परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल पूर्वाह्न 9:00 बजे किया जाएगा। जिसमें सभी टुकड़ियां भाग लेंगी और सभी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
बरसात के मौसम को देखते हुए गांधी मैदान में परेड वाले ट्रैक को ठीक करा देने का निर्देश कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल मोतिहारी को दिया। गांधी मैदान की साफ सफाई सहित कलेक्ट्रेट परिसर एवं सभी महत्वपूर्ण पथों की साफ सफाई का निर्देश नगर निगम को दिया।
मुख्य समारोह स्थल गांधी मैदान में मंच निर्माण, रंग रोगन एवं बैरिकेडिंग के विषय में कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल से जरूरी जानकारी प्राप्त की गई। उनके द्वारा बताया गया कि सभी कार्यों को समय से पहले पूर्ण कर लिया जाएगा।स्वतंत्रता दिवस समारोह का लाइव प्रदर्शन/प्रसारण जिला के सोशल मीडिया,फेसबुक पेज , वेव कास्ट के माध्यम से कराने का निर्देश गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को दिन के 2:00 बजे से गांधी मैदान में क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाएगा जिसमें जिला प्रशासन और मीडिया की टीम आमने-सामने होगी। इस संबंध में जिला खेल पदाधिकारी एवं उप समाहर्ता जिला नजारत को जरूरी निर्देश दिए गए।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को संध्या 5:00 बजे से महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या के विषय में जिला शिक्षा पदाधिकारी से जरूरी जानकारी प्राप्त की गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी के द्वारा बताया गया की सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ कस्तूरबा गांधी विद्यालय को भी इसमें शामिल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्क्रीनिंग में कुल 26 टीमों ने भाग लिया जिसमें 19 टीम का चयन किया गया है, जिनके द्वारा सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति दी जाएगी। सांस्कृतिक संध्या में भाग लेने वाले सभी विद्यालयों के को इसकी सूचना दे दी गई है।
जिलाधिकारी के द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधि व्यवस्था के मद्देनजर अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर मोतिहारी को अलग से प्रतिनियुक्ति आदेश निकालने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त , अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिला के अन्य वरीय पदाधिकारी के साथ गांधी मैदान का भ्रमण कर वहां पर किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया एवं इस संबंध में जरूरी निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी के साथ नगर आयुक्त आशीष कुमार, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिंहा, अपर समाहर्ता (लोक शिकायत) शैलेन्द्र कुमार भारती,उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार, अपर समाहर्ता विभागीय जांच मो सिबगतुल्लाह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री अरुण कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर मोतिहारी दिलीप कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी,डीसीएलआर सदर, उप समाहर्ता नजारत, उप समाहर्ता सामान्य शाखा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन, सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, स्काउट और गाइड के प्रतिनिधि सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।












