-एआई से अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर युवती को किया ब्लैकमेल, साइबर थाने में केस दर्ज
मुजफ्फरपुर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का दुरुपयोग कर एक युवती की निजी तस्वीरों और दस्तावेजों के आधार पर उसे ब्लैकमेल करने, बदनाम करने और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अहियापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने शिकायत में बताया है कि देवरिया थाना क्षेत्र के रहने वाले पिता-पुत्री ने एआई तकनीक की मदद से उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। आरोप है कि इसके साथ ही युवती के निजी दस्तावेज और मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर दिए गए।
पीड़िता के अनुसार आरोपितों ने फर्जी फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लगातार उसे और उसके परिवार को निशाना बनाया। उसकी निजी तस्वीरों का बिना अनुमति इस्तेमाल कर एआई के माध्यम से उन्हें अभद्र रूप दिया गया और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के साथ उसका मोबाइल नंबर साझा किए जाने के बाद लगातार अनजान नंबरों से अश्लील कॉल और आपत्तिजनक संदेश आने लगे। कई कॉल करने वालों ने गाली-गलौज करते हुए ब्लैकमेल किया और रुपये की मांग भी की।
युवती का आरोप है कि जब उसने इस कृत्य का विरोध किया तो आरोपितों ने और अधिक फोटो-वीडियो वायरल कर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। इस घटना के कारण वह और उसका परिवार गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं।
साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट और व्हाट्सएप नंबर को सर्विलांस पर ले लिया है। पुलिस डिजिटल साक्ष्य जुटाने में लगी है और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपितों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।












