Advertisement

उत्तर बिहार में अगले पांच दिनों तक सामान्य बारिश के आसार, किसानों को फसल प्रबंधन की सलाह

-उत्तर बिहार में अगले पांच दिनों तक सामान्य बारिश के आसार, किसानों को फसल प्रबंधन की सलाह

पूसा/समस्तीपुर। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र ने 1 से 5 अगस्त 2026 तक के लिए कृषि मौसम बुलेटिन जारी किया है। मौसम विभाग के सहयोग से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर बिहार के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि 2 से 4 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
बुलेटिन के अनुसार वैशाली, मधुबनी, गोपालगंज, दरभंगा, सिवान तथा पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी वर्षा होने का अनुमान है। अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वानुमान अवधि में अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता लगभग 80 प्रतिशत और दोपहर में 40 से 45 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इस दौरान पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।


पिछले तीन दिनों के मौसम का आकलन करते हुए विश्वविद्यालय ने बताया कि अधिकतम औसत तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस अवधि में 11.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को मौसम के अनुसार फसल प्रबंधन की सलाह भी दी है। मक्का की 30 से 35 दिन पुरानी फसल में निकाई-गुड़ाई के बाद मिट्टी चढ़ाने और टॉप ड्रेसिंग के रूप में यूरिया देने की सलाह दी गई है। धान के खेतों में कम वर्षा की स्थिति में खरपतवार नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
इसके अलावा परवल की बुवाई, मिर्च की नर्सरी तथा मध्यकालीन फूलगोभी की खेती के लिए भी यह समय उपयुक्त बताया गया है। किसानों को उन्नत किस्मों का चयन करने, बीज उपचार करने तथा अनुशंसित मात्रा में जैविक और रासायनिक उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी गई है।
कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाएं और वज्रपात एवं खराब मौसम के दौरान खेतों में जाने से बचें।