Advertisement

बेतिया: सड़क हादसे में प्रभात खबर के पत्रकार समीर वाजपेयी का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

-बेतिया: सड़क हादसे में प्रभात खबर के पत्रकार समीर वाजपेयी का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले से शुक्रवार शाम एक बेहद दुखद खबर सामने आई। प्रभात खबर के योगापट्टी संवाददाता और युवा पत्रकार समीर वाजपेयी का सड़क हादसे में निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से पत्रकारिता जगत, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। वरिष्ठ पत्रकार अमरेंद्र तिवारी सहित कई लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।


जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7 बजे बेतिया-नवलपुर मुख्य मार्ग पर योगापट्टी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव के समीप दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। समीर वाजपेयी अपनी बाइक से बेतिया जा रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर चौमुखा गांव निवासी विनोद यादव (45) और मुख्तार यादव (45) बेतिया से अपने गांव लौट रहे थे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों घायलों को योगापट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही समीर वाजपेयी ने दम तोड़ दिया। दूसरी बाइक पर सवार दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
समीर वाजपेयी के निधन की खबर फैलते ही पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके सहयोगियों, शुभचिंतकों और विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक संगठनों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।