-डीएम सौरभ सुमन यादव बने निक्षय मित्र, 5 टीबी मरीजों को दिया पोषण किट
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव खुद निक्षय मित्र बने हैं। उन्होंने बुधवार को 5 टीबी मरीजों को पोषण किट देकर इसकी शुरुआत की।
-‘जिले को टीबी मुक्त बनाना संकल्प’
डीएम श्री यादव ने कहा कि पूर्वी चंपारण को टीबी मुक्त करना हमारा संकल्प है। उन्होंने सामाजिक संगठनों, पंचायत प्रतिनिधियों और सभी अधिकारियों से अपील की कि वे आगे आएं और निक्षय मित्र बनें। ज्यादा से ज्यादा लोग निक्षय मित्र बनेंगे तो मरीजों को पोषण आहार आसानी से मिल सकेगा और जिला टीबी से मुक्त होगा।
डीएम ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में 10 लाख लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम आयुष्मान आरोग्य मंदिर, स्कूल, महादलित बस्ती और टीबी प्रभावित गांवों में जाकर जांच करेगी। मरीज मिलने पर उन्हें मुफ्त दवा दी जाएगी।

– 2 हफ्ते से ज्यादा खांसी तो जांच कराएं
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि अगर 2 हफ्ते या उससे ज्यादा समय से खांसी-बुखार है तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। टीबी निकलने पर दवा का पूरा कोर्स जरूर करें, बीच में दवा न छोड़ें। साथ ही अपने संपर्क में आए लोगों की भी जांच कराएं।
-निक्षय मित्र कैसे बनें
निक्षय मित्र योजना के तहत कोई भी व्यक्ति टीबी मरीजों को पोषण और भावनात्मक मदद दे सकता है। निक्षय मित्र बनने के लिए जिला यक्ष्मा केंद्र, मोतिहारी के संचारी रोग पदाधिकारी से मोबाइल नंबर 9431639196 पर संपर्क करें।












