Advertisement

Triple T’ से बनेगा भ्रष्टाचार मुक्त बिहार, 9 प्रमंडलों में बनेंगे विशेष निगरानी न्यायालय : मुख्यमंत्री

-‘Triple T’ से बनेगा भ्रष्टाचार मुक्त बिहार, 9 प्रमंडलों में बनेंगे विशेष निगरानी न्यायालय : मुख्यमंत्री

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस एवं सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ करते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराया। उन्होंने कहा कि Transparency, Technology और Trust (Triple T) के आधार पर बिहार को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाएगा, जिससे सुशासन को नई मजबूती मिलेगी।
सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर स्थित ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के नए लोगो का अनावरण किया और विभाग की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि राज्य के सभी 9 प्रमंडलों में विशेष निगरानी न्यायालय (स्पेशल विजिलेंस कोर्ट) स्थापित किए जाएंगे, ताकि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों का त्वरित निपटारा हो सके। साथ ही बिहार के प्रत्येक जिले में निगरानी थाना तथा सभी अनुमंडलों में निगरानी ओपी स्थापित करने की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अपराध एवं आर्थिक अपराध के मामलों में गवाही देने आने वाले सरकारी गवाहों को परिवहन भत्ता उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं आर्थिक अपराध इकाई और निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञों से सशक्त बनाया जाएगा, ताकि उनकी कार्यप्रणाली राष्ट्रीय स्तर की एजेंसियों के समकक्ष हो।


मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त मंत्रियों, विधायकों से लेकर शीर्ष और निचले स्तर के अधिकारियों तक किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टाचारियों की जब्त की गई संपत्तियों में विद्यालय संचालित किए जाएंगे, ताकि अवैध कमाई को समाजहित में उपयोग किया जा सके।
उन्होंने कहा कि न्याय के साथ विकास तभी संभव है, जब सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भ्रष्टाचार के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही की संस्कृति विकसित करनी होगी। विद्यालयों में भी भ्रष्टाचार विरोधी जागरूकता अभियान चलाकर बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास किया जाएगा।
कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, निगरानी विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर तथा निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के महानिदेशक जितेंद्र सिंह गंगवार ने भी संबोधित किया। इस दौरान उपस्थित मंत्रियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य करने तथा जनहित को सर्वोपरि रखने की सतर्कता शपथ भी ली।