Advertisement

सकरा में मत्स्यजीवी सहयोग समिति के कॉमन सर्विस सेंटर का उद्घाटन,ग्रामीणों को मिलेंगी डिजिटल सेवाएं

-सकरा में मत्स्यजीवी सहयोग समिति के कॉमन सर्विस सेंटर का उद्घाटन,ग्रामीणों को मिलेंगी डिजिटल सेवाएं

मुजफ्फरपुर/सकरा,दीपक तिवारी, 1 जुलाई 2026। सकरा प्रखंड के रतनपुर केवल गांव में बुधवार को सकरा प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति द्वारा स्थापित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का भव्य उद्घाटन किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, सहकारिता विभाग के पदाधिकारियों, मत्स्यजीवी समाज के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उद्घाटनकर्ता हरि सहनी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्ज्वलित कर एवं भगवान निषादराज गुह के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद उन्होंने फीता काटकर कॉमन सर्विस सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर बिहार राज्य मत्स्यजीवी सहकारी संघ (कॉफ्फेड) के प्रबंध निदेशक ऋषिकेश कश्यप, समाजसेवी प्रवीण कुमार ठाकुर, मिथिला-दरभंगा क्षेत्रीय मत्स्यजीवी सहकारी संघ के निदेशक लालबाबू सिंह, सारण मंडल के निदेशक प्रदीप सहनी, सकरा प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति के अध्यक्ष अरविन्द मुरैया एवं सचिव जनेन्द्र मुखिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन के दौरान हरि सहनी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कॉमन सर्विस सेंटर डिजिटल भारत के सपने को साकार करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। अब मत्स्यजीवी परिवारों को बैंकिंग, बीमा, आधार, पैन कार्ड, आयुष्मान भारत, पेंशन, छात्रवृत्ति, विभिन्न प्रमाण-पत्रों और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अपने क्षेत्र में ही मिलेगा।

उन्होंने कॉफ्फेड और सकरा प्रखंड मत्स्यजीवी सहयोग समिति की इस पहल को मत्स्यजीवी समाज के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
कॉफ्फेड के प्रबंध निदेशक ऋषिकेश कश्यप ने कहा कि संस्था का लक्ष्य बिहार के प्रत्येक मत्स्यजीवी परिवार को डिजिटल सेवाओं, सरकारी योजनाओं और स्वरोजगार से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से एनएफडीपी पंजीकरण, मत्स्य किसान क्रेडिट कार्ड, विभिन्न बीमा योजनाएं, बैंकिंग सेवाएं, डिजिटल भुगतान, आधार एवं पैन कार्ड, आयुष्मान भारत सहित रोजगार और प्रशिक्षण से जुड़ी अनेक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
समाजसेवी प्रवीण कुमार ठाकुर ने इसे ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। वहीं लालबाबू सिंह और प्रदीप सहनी ने भी कॉफ्फेड की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे मत्स्यजीवी समाज को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में काफी सुविधा होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समिति के अध्यक्ष अरविन्द मुरैया ने कहा कि समिति भविष्य में भी मत्स्यजीवियों के हित में जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित करती रहेगी। सचिव जनेन्द्र मुखिया ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह केंद्र मत्स्यजीवियों, किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के लिए डिजिटल सेवाओं का भरोसेमंद केंद्र बनेगा।
समारोह के दौरान लोगों को कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन कॉफ्फेड की निदेशक सिमरन ने किया। इस अवसर पर रवि राज, राहुल कुमार, दयानंद कुमार सहित बड़ी संख्या में मत्स्यजीवी सहकारी समितियों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।