Advertisement

पति के पटना जाने के कुछ देर बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

-पति के पटना जाने के कुछ देर बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

मुजफ्फरपुर/बंदरा।दीपक।जिले के बंदरा प्रखंड के हत्था थाना क्षेत्र के हत्था डीह टोला में मंगलवार सुबह 22 वर्षीय नवविवाहिता कंचन कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका का शव घर के कमरे में बेड पर मिला। उसके गले पर कपड़े से कसाव के निशान पाए गए। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या की आशंका से जोड़कर जांच कर रही है, हालांकि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
घटना की सूचना मिलते ही हत्था थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
मौके पर पहुंचे दारोगा चितरंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मृतका का पति विनेश कुमार एक सप्ताह पूर्व हुए बाइक सड़क हादसे में घायल हो गया था और उसका इलाज पटना में चल रहा है। मंगलवार सुबह वह इलाज के सिलसिले में पटना गया था, जबकि सास राशन लाने बाहर गई थीं। इस दौरान कंचन कुमारी घर में अकेली थी।


ग्रामीणों के अनुसार, कंचन अपने पति के साथ पटना जाना चाहती थी, लेकिन पति ने उसे साथ ले जाने से मना कर दिया था। इसी बात को लेकर रात दोनों के बीच कुछ कहासुनी भी हुई थी।
बताया जाता है कि कंचन कुमारी की शादी महज तीन महीने पहले ही विनेश कुमार से हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद हुई इस घटना से परिजनों और ग्रामीणों में गम और हैरानी का माहौल है।
हत्था थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। एफएसएल की रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।