-पटना बना ओवरऑल चैंपियन, मेजबान मुजफ्फरपुर रनरअप
-बिहार सब-जूनियर एवं जूनियर तैराकी प्रतियोगिता संपन्न
मुजफ्फरपुर। बिहार तैराकी संघ एवं मुजफ्फरपुर स्वीमिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘रुक्मिणी देवी बिहार सब-जूनियर एवं जूनियर स्वीमिंग प्रतियोगिता-2026’ का रविवार को अखाड़ाघाट, सिकंदरपुर स्थित स्वीमफिट स्वीमिंग पूल में सफल समापन हो गया। प्रतियोगिता में पटना की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं मेजबान मुजफ्फरपुर की टीम उपविजेता (रनरअप) रही, जबकि भोजपुर की टीम तीसरे स्थान पर रही।
एक दिवसीय प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आए 195 प्रतिभाशाली तैराकों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कुल 276 पदक (92 स्वर्ण, 92 रजत और 92 कांस्य) दांव पर थे। खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों और अतिथियों का भरपूर मनोरंजन किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन पटना जोन के डीआईजी जितेंद्र राणा, बिहार तैराकी संघ के प्रतियोगिता सचिव रामविलास पांडेय, राज्य सचिव अखिलेश्वर नाथ तिवारी, मुजफ्फरपुर स्वीमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यनारायण प्रसाद एवं सचिव कुंदन राज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर एसोसिएशन के चेयरमैन राजेश कुमार ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया, जबकि स्वीमफिट स्वीमिंग एकेडमी के निदेशक आभाष कुमार ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुजफ्फरपुर के विधायक रंजन कुमार, पटना रेंज के डीआईजी जितेंद्र राणा, प्रभात जर्दा फैक्टरी के निदेशक नंद कुमार आर्य, बाल संरक्षण अधिकारी राकेश कुमार तथा पूर्व रणजी खिलाड़ी अशोक कुमार पाहुजा ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों की फ्री-स्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक, बटरफ्लाई और मेडले स्पर्धाओं में पटना, मुजफ्फरपुर, भोजपुर, गया, पूर्णिया, समस्तीपुर एवं बेतिया के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता के सफल आयोजन की खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने सराहना की।












