-भारत-नेपाल मैत्री का एक और उदाहरण: रौतहट में विद्यालय एवं पुस्तकालय भवन का हुआ शिलान्यास
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर। भारत सरकार के सहयोग से मधेश प्रदेश के रौतहट जिले की राजदेवी नगरपालिका वार्ड संख्या-4 में बनने वाले आधुनिक प्राथमिक विद्यालय एवं पुस्तकालय भवन का शिलान्यास बुधवार को संपन्न हुआ। भारतीय महावाणिज्य दूतावास वीरगंज के बाणिज्य महादूत देवी सहाय मीणा तथा राजदेवी नगरपालिका के मेयर भिखारी प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से परियोजना की आधारशिला रखी।
करीब 2 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के तहत दो मंजिला विद्यालय भवन में कुल आठ कक्षाओं का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा शौचालय, ट्यूबवेल, विद्युतीकरण, कंप्यूटर सुविधा तथा अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का भी विकास किया जाएगा। यह परियोजना उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना (HICDP) के अंतर्गत संचालित की जा रही है, जिसका कार्यान्वयन राजदेवी नगरपालिका के माध्यम से किया जाएगा।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए बाणिज्य महादूत देवी सहाय मीणा ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक एवं मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। भारत शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी तथा अन्य विकासात्मक क्षेत्रों में नेपाल को निरंतर सहयोग प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि मधेश प्रदेश को विकास परियोजनाओं में विशेष प्राथमिकता दी जा रही है ताकि यहां के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
वहीं मेयर भिखारी प्रसाद यादव ने कहा कि भारत सरकार के सहयोग से विद्यालय एवं पुस्तकालय के आधुनिक भवन के निर्माण से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए भारत सरकार के प्रति आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
मेयर की अध्यक्षता में आयोजित इस शिलान्यास कार्यक्रम में उप-मेयर, वार्ड अध्यक्षों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भारत-नेपाल मैत्री और विकास सहयोग की भावना को भी रेखांकित किया गया।












