-मुजफ्फरपुर में चर्चित गोलीकांड का खुलासा, नामजद आरोपी गिरफ्तार
-भूमि कारोबार, आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई बनी हत्या की वजह -कई अहम दस्तावेज और कारतूस बरामद
मुजफ्फरपुर। नगर थाना क्षेत्र के चर्चित गोविंद शर्मा हत्याकांड में मुजफ्फरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के नामजद अभियुक्त कुमार रूनजय ओंकार को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मरीन ड्राइव, सिकंदरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया गया।
जानकारी के अनुसार, 31 मई 2026 की रात नगर थाना क्षेत्र स्थित आइकॉन टॉवर अपार्टमेंट में गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पत्नी के आवेदन पर नगर थाना कांड संख्या-321/26 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं अपर पुलिस अधीक्षक (नगर-01) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नामजद आरोपी कुमार रूनजय ओंकार, निवासी मीनापुर थाना क्षेत्र, को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक गोविंद शर्मा और आरोपी के बीच भूमि कारोबार, आपसी रंजिश तथा वर्चस्व स्थापित करने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच एक फॉर्च्यूनर वाहन के स्वामित्व और हस्तांतरण को लेकर भी विवाद था, जिसका उल्लेख प्राथमिकी में किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी के दौरान भूमि से जुड़े 30 से अधिक महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना स्थल एवं आसपास से एक फॉर्च्यूनर वाहन, दो मोबाइल फोन, मृतक का मोबाइल, 36 हजार 700 रुपये नकद, पांच कारतूस, पांच मिसफायर कारतूस तथा नौ खोखे भी बरामद किए गए हैं।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि मृतक और गिरफ्तार आरोपी दोनों पूर्व में कई आपराधिक मामलों में अभियुक्त रह चुके हैं। पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल मामले में अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।












