Advertisement

नव पदस्थापित प्रभारी प्राचार्य से आइसा प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात

-नव पदस्थापित प्रभारी प्राचार्य से आइसा प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात

-छात्र समस्याओं और शैक्षणिक सुधारों पर हुई चर्चा

पूसा/समस्तीपुर, 3 जून 2026। पूसा प्रखंड स्थित उमा पाण्डेय महाविद्यालय में नव पदस्थापित प्रभारी प्राचार्य डॉ. संजय झा के पदभार ग्रहण करने के अवसर पर छात्र संगठन आइसा के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। आरवाईए जिला सचिव रौशन कुमार के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने महाविद्यालय में शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने और छात्र-हित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

मुलाकात के दौरान आइसा प्रतिनिधियों ने महाविद्यालय में लंबे समय से चली आ रही विभिन्न शैक्षणिक एवं आधारभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। रौशन कुमार ने कहा कि नियमित कक्षाओं का अभाव, शिक्षकों की कमी, पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला की अपर्याप्त व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और छात्राओं की सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी प्राचार्य से आग्रह किया कि छात्र-हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित पठन-पाठन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, शैक्षणिक संसाधनों को मजबूत बनाया जाए तथा छात्रों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जवाबदेह तंत्र विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि हजारों छात्र-छात्राओं के भविष्य और सपनों का निर्माण स्थल होता है।

इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. संजय झा ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और महाविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन तथा मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने अंत में डॉ. झा को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में महाविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता, पारदर्शिता और छात्र-हितैषी वातावरण की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगा।

मौके पर गणेश यादव, रंजन कुमार, अनिकेत कुमार, मनदीप कुमार एवं राजीव कुमार सहित अन्य छात्र प्रतिनिधि उपस्थित थे।