-चोरों का आतंक: एक ही रात में चार घरों को बनाया निशाना, लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ
मुजफ्फरपुर। जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत हत्था पंचायत के लोहरखा गांव में चोरों ने एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। घटना वार्ड संख्या 2 एवं 3 की है, जहां देर रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोरों ने कई घरों में घुसकर सोना-चांदी, नकदी और मोबाइल फोन की चोरी कर ली।
पीड़ितों में उमेश राय (पिता- जोगी राय), नागेंद्र राय (पिता- जयनारायण राय), चंदन राय (पिता- मुंशी राय) तथा रामसंजोग राय (पिता- रामप्रसाद राय) शामिल हैं। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग रात में सो रहे थे, इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल हत्था थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
#Bihar #Muzaffarpur #Bandra #Hattha #Lohrakha #Theft #CrimeNews #BiharNews #MuzaffarpurNews #KomalSingh












