Advertisement

अंतर-जिला महिला चैन स्नैचिंग गिरोह की 4 सदस्य गिरफ्तार, सोना बरामद

-अंतर-जिला महिला चैन स्नैचिंग गिरोह की 4 सदस्य गिरफ्तार, सोना बरामद

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

पूर्वी चंपारण पुलिस ने अपराध पर कड़ी चोट करते हुए एक शातिर अंतर-जिला महिला चैन स्नैचर गिरोह का पर्दाफाश किया है। अरेराज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए चोरी-ठगी के सोने के जेवर खपाने आई गिरोह की 4 महिला सदस्यों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

अरेराज थानाध्यक्ष प्रत्याशा कुमारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बाजार की एक सोनार दुकान पर कुछ संदिग्ध महिलाएं भारी मात्रा में सोना बेचने की कोशिश कर रही हैं। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर पुलिस टीम ने दुकान घेर ली और चारों को हिरासत में लिया। महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में तलाशी के दौरान उनके पास से हनुमान जी का लॉकेट 10 पीस, कान का टॉप्स 15 पीस और सोने की बाली 2 पीस बरामद हुए। कागजात मांगने पर कोई भी महिला जेवर की खरीद या स्वामित्व का दस्तावेज नहीं दिखा सकी और पूछताछ में गुमराह करती रहीं।

गिरफ्तार महिलाओं में 3 बेगूसराय जिले की हैं, जिससे गिरोह का अंतर-जिला नेटवर्क सामने आया है। आरोपियों की पहचान सपना देवी, सोनी देवी, पूनम देवी निवासी ग्राम बाघा, थाना मुफस्सिल, बेगूसराय और रिंकू देवी निवासी बिजबनी, थाना घोड़ासहन, पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये महिलाएं भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों पर महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग, नजर बचाकर चोरी और झांसा देकर ठगी करती थीं। पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब जांच की जा रही है कि गिरोह के तार और कहां जुड़े हैं और स्थानीय स्तर पर कौन सोनार चोरी का माल खरीदता था।

पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के समूल नाश के लिए सघन अभियान लगातार जारी रहेगा।