Advertisement

खराब सड़क से बढ़ी परेशानी: बाबा खगेश्वर नाथ धाम से रतवारा बांध तक सड़क निर्माण की उठी मांग

-खराब सड़क से बढ़ी परेशानी: बाबा खगेश्वर नाथ धाम से रतवारा बांध तक सड़क निर्माण की उठी मांग

मुजफ्फरपुर/बंदरा। दीपक कुमार तिवारी। बंदरा प्रखंड जदयू अध्यक्ष मनोज कुमार कुशवाहा ने प्रखंड क्षेत्र के मतलूपुर पंचायत स्थित बाबा खगेश्वर नाथ धाम से सुंदरपुर रतवारा स्थित बूढ़ी गंडक नदी बांध तक जर्जर सड़क के निर्माण की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर सड़क निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर कराने की अपील की है।

उन्होंने अपने पत्र में बताया है कि बाबा खगेश्वर नाथ धाम से सुंदरपुर रतवारा बांध तक जाने वाली सड़क आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन लंबे समय से सड़क की स्थिति काफी खराब बनी हुई है। सड़क जर्जर होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

मनोज कुमार कुशवाहा ने कहा कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पर वाहनों का परिचालन प्रभावित होता है तथा पैदल चलना भी लोगों के लिए जोखिम भरा साबित होता है। उन्होंने बताया कि यह सड़क जन उपयोग की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और क्षेत्र के लोगों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग का काम करती है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस मामले को लेकर पहले भी ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल मुजफ्फरपुर पूर्वी-1 के कार्यपालक अभियंता द्वारा ग्रामीण कार्य विभाग के नोडल पदाधिकारी, पटना को पत्राचार किया गया था। नई अनुरक्षण नीति-2018 योजना के अंतर्गत विभागीय एमआईएस में फॉरेन रोड एंट्री करने का अनुरोध भी किया गया था। संबंधित प्रपत्रों के साथ सूचना उपलब्ध कराने के बावजूद अब तक सड़क निर्माण कार्य की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सका है।

जदयू नेता ने जिला प्रशासन से मांग की है कि आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।