-एनएच-27 पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, दरभंगा मोड़ से शनि मंदिर मोड़ तक प्रशासन की कार्रवाई
कांटी, मुजफ्फरपुर। कांटी क्षेत्र के एनएच-27 स्थित दरभंगा मोड़ से शनि मंदिर मोड़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण हटाने को लेकर प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया और स्थानीय लोगों व दुकानदारों को सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।
अभियान की अगुवाई अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिमी डॉ. आकांक्षा आनंद ने की। इस दौरान कांटी अंचल अधिकारी (सीओ) पिंटू कुमार, राजस्व अधिकारी बसंत कुमार राय, कांटी थाना के पुलिस पदाधिकारी, संबंधित हल्का कर्मचारी और अंचल अमीन भी मौजूद रहे।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग और उससे सटे क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभियान के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क किनारे लगाए गए अवैध ठेले, खोमचे और अन्य अस्थायी निर्माण हटाए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आम लोगों को जाम और आवागमन की परेशानी से राहत दिलाने के लिए प्रशासन आगे भी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा।












