Advertisement

सिवाईपट्टी थानाध्यक्ष पर विवादित जमीन मामले में मिलीभगत का आरोप, मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज

-सिवाईपट्टी थानाध्यक्ष पर विवादित जमीन मामले में मिलीभगत का आरोप, मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज

मुजफ्फरपुर। जिले के मीनापुर अंचल अंतर्गत सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में विवादित भूमि पर निर्माण कार्य को लेकर नया विवाद सामने आया है। सिवाईपट्टी निवासी मो. असरफ अंसारी ने स्थानीय थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़ित मो. असरफ अंसारी का आरोप है कि उन्होंने विवादित भूमि मामले को लेकर 7 मई 2026 को अनुमंडल दंडाधिकारी (पूर्वी), मुजफ्फरपुर के न्यायालय में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत आवेदन दायर किया था। शिकायत के अनुसार न्यायालय ने मामले पर संज्ञान लेते हुए कार्यालय ज्ञापांक 3231, दिनांक 07 मई 2026 के माध्यम से सिवाईपट्टी थानाध्यक्ष को जांच कर प्रतिवेदन सौंपने एवं आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।

आरोप है कि न्यायालय के निर्देश के बावजूद पुलिस स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि स्थानीय थानाध्यक्ष ने विपक्षी पक्ष से कथित मिलीभगत कर विवादित भूमि पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया, जबकि मामला न्यायिक प्रक्रिया में लंबित है।

मामले में पीड़ित ने मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा के माध्यम से बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग तथा राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में अलग-अलग याचिकाएं दायर की हैं।

मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा ने कहा कि मामले में पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण पीड़ित को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पीड़ित ने संबंधित थानाध्यक्ष के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग आयोग से की है।

हालांकि, इस मामले में सिवाईपट्टी थाना पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस का पक्ष आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।